टीकमगढ़/जतारा, 24 फरवरी 2026। जनपद पंचायत जतारा की 10 ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत विकास योजना जीपीडीपी पर स्थाई समितियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण नवदिशा सामाजिक संस्थान टीकमगढ़ द्वारा आयोजित कर सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। प्रशिक्षण में टानगा, कुंवरपुरा, पैतपुरा, गर्रोली, लिधौराताल, लारखुर्द, हृदयनगर, करमोरा, बगौरा और माची पंचायतों के सरपंच, सचिव, पंच, समिति सदस्य तथा जागरूक ग्रामीण शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरपंच, सचिव एवं संस्था समन्वयक विनोद कुमार खरे ने सरस्वती पूजन के साथ किया। संस्थान के संचालक प्रदीप श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायतों की स्थाई समितियों को सशक्त बनाकर गांवों के समग्र विकास के लिए ठोस और व्यवहारिक योजना तैयार करना रहा।
प्रशिक्षण में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, स्वच्छता और रोजगार जैसे मुद्दों पर स्पष्ट विजन के साथ योजना बनाने, समस्याओं की प्राथमिकता तय करने और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग पर मार्गदर्शन दिया गया। सेक्टर कॉर्डिनेटर अमन, शहबाज और माया ने पंचायत स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर अनुभव साझा किए तथा ग्राम विकास में पंचों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
प्रतिभागियों को “सबकी योजना, सबका विकास” की अवधारणा समझाते हुए ग्राम सभा की भागीदारी, महिलाओं एवं कमजोर वर्गों की सहभागिता, पारदर्शिता और जवाबदेही पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही सतत विकास के लक्ष्यों—गरीबी मुक्त, स्वस्थ और जल पर्याप्त गांव तथा बाल मित्र पंचायत—को योजना में शामिल करने की आवश्यकता बताई गई।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पंचायतों को ऐसी विकास योजना तैयार करने के लिए प्रेरित करना रहा, जिससे उपलब्ध संसाधनों का सही उपयोग हो और गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

