टीकमगढ़। माध्यमिक शिक्षक मंडल, मध्य प्रदेश द्वारा मंडल परीक्षा एवं मूल्यांकन कार्य को लेकर शिक्षकों पर अतिरिक्त दबाव डाले जाने का मामला सामने आया है। शिक्षकों का कहना है कि उन्हें 50 से 70 किलोमीटर दूर परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी देने के बाद उसी दिन मूल्यांकन केंद्रों पर उपस्थित होकर कॉपियों का मूल्यांकन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं, जिससे शारीरिक और मानसिक दबाव बढ़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, दीगोड़ा से जयप्रकाश चौबे प्रतिदिन सुबह 7 बजे सरोज कॉन्वेंट टीकमगढ़ में उपस्थित होकर मंडल परीक्षा का संचालन कर रहे हैं। इसके बाद वे मूल्यांकन केंद्र क्रमांक-1 विद्यालय पहुंचकर अर्थशास्त्र विषय का मूल्यांकन कार्य भी संपादित कर रहे हैं।
इसी प्रकार, रविकांत चाढार क्रमांक-1 विद्यालय से मोहनगढ़ हाई सेकेंडरी स्कूल में सुबह 7 बजे परीक्षा ड्यूटी निभा रहे हैं और उसके बाद मूल्यांकन केंद्र क्रमांक-1 में पहुंचकर अर्थशास्त्र विषय की कॉपियों का मूल्यांकन कर रहे हैं।
कार्तिक खरे, जो क्रमांक-2 विद्यालय में पदस्थ हैं, हाई सेकेंडरी स्कूल गौर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होकर मोहनगढ़ थाना से प्रश्नपत्र प्राप्त कर अपने केंद्र पर परीक्षा संचालित कर रहे हैं। परीक्षा उपरांत वे मूल्यांकन केंद्र क्रमांक-1 टीकमगढ़ पहुंचकर अर्थशास्त्र विषय के मूल्यांकन कार्य में सहयोग दे रहे हैं।
वहीं, वाहिद खान चंदेरा में मंडल परीक्षा का कार्य संपादित करवा रहे हैं और इसके बाद क्रमांक-1 विद्यालय में अंग्रेजी विषय के मूल्यांकन कार्य में संलग्न हैं।
शिक्षकों का कहना है कि इतनी लंबी दूरी तय करने के बाद तत्काल मूल्यांकन कार्य में लगना जोखिमपूर्ण हो सकता है। परीक्षा केंद्र से मूल्यांकन केंद्र तक जल्दबाजी में पहुंचने के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके अतिरिक्त, मंडल द्वारा प्रतिदिन एक शिक्षक से न्यूनतम 45 कॉपियां जांचने का दबाव भी बनाया जा रहा है।
शिक्षकों ने आशंका जताई है कि दोहरे दायित्व और अत्यधिक दबाव के कारण मूल्यांकन में त्रुटियां हो सकती हैं, जिसका सीधा प्रभाव परीक्षार्थियों के परिणामों पर पड़ेगा। उन्होंने मंडल प्रशासन से मांग की है कि परीक्षा और मूल्यांकन कार्य के बीच पर्याप्त अंतराल दिया जाए तथा शिक्षकों को अनावश्यक दबाव से मुक्त रखा जाए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

