टीकमगढ़। भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित ओरछा–टीकमगढ़–शाहगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-539 (लंबाई 155 किमी) के उन्नयन को लेकर क्षेत्र में मांग तेज हो गई है। वर्तमान में इस मार्ग का सर्वे एवं भू-अर्जन कार्य प्रगति पर है और निर्माण एजेंसी भारतीय सड़क विकास प्राधिकरण को नियुक्त किया गया है।
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर प्रस्तावित टू-लेन मार्ग को फोरलेन में परिवर्तित करने का आग्रह किया है।
पत्र में श्री सिंधिया ने उल्लेख किया है कि जनहित एवं क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए झांसी-खजुराहो राष्ट्रीय राजमार्ग-39 के 9 किलोमीटर बिंदु से ओरछा, टीकमगढ़, शाहगढ़ (सागर-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-34) तक प्रस्तावित मार्ग को टू-लेन के स्थान पर फोरलेन किया जाना अधिक उपयुक्त होगा। उन्होंने तर्क दिया कि इस मार्ग पर विश्व धरोहर के रूप में प्रसिद्ध श्री रामराजा सरकार की नगरी ओरछा, ओरछा सफारी, बुंदेलखंड का पावन तीर्थ अछरू माता मंदिर एवं जैन तीर्थ पपौरा जी जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल स्थित हैं, जहां प्रतिवर्ष हजारों-लाखों श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं।
यह मार्ग दो राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण लिंक है, जिससे दिल्ली की ओर से आने वाले और दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यातायात की दूरी लगभग 50 किलोमीटर तक कम हो सकती है। इससे ईंधन की बचत, समय की कमी और पर्यावरण संरक्षण को भी लाभ मिलने की संभावना है। साथ ही, यह परियोजना निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में आवागमन सुविधा, आर्थिक गतिविधियों तथा पर्यटन विकास को प्रत्यक्ष रूप से प्रोत्साहित करेगी।
श्री सिंधिया ने पत्र में केंद्र सरकार से फोरलेन प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार कर स्वीकृति प्रदान करने तथा परियोजना की वर्तमान स्थिति और प्रगति से अवगत कराने का आग्रह किया है।
गौरतलब है कि भाजपा नेता विकास यादव की मांग पर यह पहल की गई है, जिसके बाद क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-539 को फोरलेन बनाए जाने की उम्मीदें और प्रबल हो गई हैं।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

