टीकमगढ़। आगामी होली एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा दिनांक 26 फरवरी 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम, टीकमगढ़ में असूचना संकलन से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले के चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को विशेष सतर्कता एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान साम्प्रदायिक सद्भाव, सामाजिक समरसता एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सतत गश्त व्यवस्था सुदृढ़ रखें तथा अवैध एवं असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम हेतु विशेष टीमें गठित कर प्रभावी कार्रवाई करें। प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित एवं विधिसम्मत कार्यवाही सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा साम्प्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली सामग्री पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा सके।
बैठक में गुप्त सूचनाओं के समन्वित आदान-प्रदान, त्वरित सूचना प्रतिक्रिया तंत्र को सक्रिय रखने तथा फील्ड इंटेलिजेंस नेटवर्क को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया।
इसके अतिरिक्त निर्देशित किया गया कि सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित कर विभिन्न धर्मावलंबियों एवं गणमान्य नागरिकों से समन्वय स्थापित किया जाए, जिससे पारस्परिक सहयोग एवं सौहार्द के साथ त्योहारों का आयोजन सुनिश्चित हो सके।
साथ ही ऐसे असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों को चिन्हित कर आवश्यक निवारक एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए गए, जो पर्व-त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित कर सकते हैं।
बैठक में विशेष शाखा प्रभारी, जिला विशेष शाखा प्रभारी, साइबर सेल प्रभारी सहित असूचना संकलन से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

