टीकमगढ़। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, टीकमगढ़ द्वारा एकीकृत बागवानी विकास मिशन (एमआईडीएच) योजना के अंतर्गत 27 एवं 28 फरवरी 2026 को दो दिवसीय जिला स्तरीय कृषक संगोष्ठी, सम्मेलन एवं किसान मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य जिले के कृषकों को आधुनिक बागवानी तकनीकों, नवीन फसल प्रबंधन पद्धतियों तथा शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राकेश गिरी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पारंपरिक खेती के साथ-साथ उद्यानिकी फसलों को अपनाकर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाना ही इस प्रकार के आयोजनों का मूल उद्देश्य है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत की कृषि स्थायी समिति के अध्यक्ष छत्रपाल सिंह बुंदेली ने की। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक पद्धति से बागवानी अपनाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
समारोह में भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष शिव मोहन गिरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। तकनीकी सत्रों में कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. डी.एस. तोमर तथा कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. बी.एस. किरार ने फल, सब्जी एवं मसाला फसलों के उन्नत उत्पादन की आधुनिक तकनीकों पर विस्तार से जानकारी दी।
सहायक संचालक उद्यान अजय रोहित शर्मा ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं अनुदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी किसानों को प्रदान की। वहीं इंडियन बैंक के प्रतिनिधि नसीम सिद्दीकी ने किसान ऋण पत्र (किसान क्रेडिट कार्ड) तथा उद्यानिकी ऋण से संबंधित वित्तीय सुविधाओं पर प्रकाश डाला।
दो दिवसीय इस जिला स्तरीय कार्यशाला का संचालन कृषि विज्ञान केंद्र के मत्स्य वैज्ञानिक डॉ. सतेंद्र कुमार द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। उन्होंने विभिन्न सत्रों में वैज्ञानिकों और किसानों के मध्य संवाद स्थापित कर व्यवहारिक समस्याओं पर चर्चा कराई।
किसान मेले के मुख्य आकर्षणों में उन्नत किस्म के पौधों एवं कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी, खाद्य प्रसंस्करण की नवीन तकनीकों का प्रदर्शन तथा वैज्ञानिकों द्वारा किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान प्रमुख रहे।
कार्यक्रम में जिले के बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान, उद्यानिकी विभाग का अमला एवं कृषि विशेषज्ञ उपस्थित रहे। यह आयोजन किसानों के ज्ञानवर्धन, तकनीकी सशक्तिकरण और आय वृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

