टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई की उपस्थिति मे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने कहा कि होली आपसी भाईचारे और सद्भाव का पर्व है, जिसे सभी को मिल-जुलकर शांतिपूर्ण ढंग से मनाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष पुलिस बल तैनात किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित न करें। यदि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है तो तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित करें। बैठक में होलिका दहन स्थलों की सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल उपलब्धता, यातायात व्यवस्था, डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के निर्धारित समय तक संचालन तथा आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गई। नगर पालिका, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में नकली मावा एवं नकली मिठाई के आवा- जाही,भंडारण एवं विक्रय पर निगरानी रखने एवं कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। बैठक में शराब के अवैध भंडारण एवं शुष्क दिवस की अवहेलना करने पर वालो पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अंत में कलेक्टर ने सभी उपस्थित नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने एवं जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। विशेषकर युवा वर्ग से परीक्षा के समय को ध्यान में रखते हुए शांतिपूर्ण एवं मर्यादित पर्व मनाने की अपील की। बैठक में अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि होली पर्व को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण की जाएंगी। इस अवसर पर एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटौरिया, तहसीलदार टीकमगढ़ सतेन्द्र सिंह गुर्जर, सीएमओ नगर पालिका टीकमगढ़ श्री भदौरिया सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, समिति के सदस्य, गणमान्यजन तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

