टीकमगढ़ । मध्यप्रदेश शासन के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना द्वारा प्रदेश में खुले में मांस विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किए जाने संबंधी जारी निर्देशों के अनुपालन में पुलिस द्वारा सतत एवं सघन अभियान संचालित किया जा रहा है। उक्त अभियान का संचालन पुलिस महानिरीक्षक, सागर जोन डॉ. हिमानी खन्ना एवं उप पुलिस महानिरीक्षक, छतरपुर रेंज विजय खत्री के मार्गदर्शन में तथा पुलिस अधीक्षक, मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में खुले में मांस विक्रय संबंधी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने एवं स्थानीय प्रशासन के समन्वय से आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए हैं। इसी क्रम मे दिनांक 28 फरवरी 2026 को थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रविभूषण पाठक एवं नगर पालिका टीम द्वारा संयुक्त रूप से शहर क्षेत्र में भ्रमण कर नरैया मोहल्ला, पुराना बस स्टैंड, क्यामगाह एवं मोटे का मोहल्ला आदि क्षेत्रों में खुले में संचालित अंडा, मांस एवं मछली विक्रय स्थलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित विक्रेताओं को तत्काल प्रभाव से खुले विक्रय को बंद करने हेतु निर्देशित किया गया तथा भविष्य में शासन के निर्देशों का उल्लंघन न करने के संबंध में सख्त चेतावनी दी गई। आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई भी की गई। पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शासन के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाएगा। खुले में मांस विक्रय अथवा अन्य प्रतिबंधित गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

