टीकमगढ़। एम.सी.पी.सी., नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला न्यायाधीश,अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती प्रवीणा व्यास की अध्यक्षता मे मीडिएशन फाॅर द नेशन 2.0 अभियान के अंतर्गत जिला न्यायालय एवं तहसील सिविल न्यायालय निवाड़ी, जतारा, ओरछा में पदस्थ न्यायाधीशगण का आॅनलाईन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मीडिएशन के माध्यम से पक्षकारों के आपसी राजीनामा,सहमति के द्वारा प्रकरणों को निराकरण करने के लिए प्रेरित करने हेतु किया गया है, जिसमें मीडिएशन प्रशिक्षक सेवानिवृत्त प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती गिरिबाला सिंह के द्वारा न्यायाधीशों को मीडिएशन हेतु उपयुक्त प्रकरणों की पहचान करने एवं प्रभावी रूप से मीडिएशन हेतु रेफर किये जाने के उददेश्य के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया है साथ ही प्रशिक्षण में यह भी बताया गया है कि मीडिएशन के दौरान मीडिएटर को किन-किन बातों को ध्यान में रखना चाहिए। मीडिएशन के बारे में यह भी बताया गया कि यदि प्रकरण में मीडिएशन की कार्यवाही असफल होती है तो मीडिएशन के दौरान दोनों पक्षकारों के द्वारा एक-दूसरे के बारे में कही गई बातों का लाभ न्यायिक कार्यवाही में नहीं लिया जा सकता है। आॅनलाईन प्रशिक्षण में प्रधान न्यायाधीश, कुटुम्ब न्यायालय शमरोज खान, जिला न्यायाधीशश्री वरूण पुनासे, कमलेश भरकुंदिया, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रियंक दुबे सहित अन्य न्यायाधीशगण, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रीमती सुनीता गोयल, एवं तहसील सिविल न्यायालय निवाड़ी, जतारा, ओरछा के न्यायाधीशगण उपस्थित रहे।

