टीकमगढ़। शहर की आस्था और इतिहास का प्रतीक नज़र बाग मंदिर अब नए रंग रूप में नजर आएगा। नगर पालिका द्वारा मंदिर परिसर के व्यापक जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है। नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार पप्पू मलिक ने विधिवत पूजन के साथ इस अभियान का शुभारंभ किया और इसे शहर की सांस्कृतिक विरासत को संवारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
लंबे समय से मंदिर की दीवारों शिल्पकारी और परिसर की बनावट पर समय की छाप स्पष्ट दिखाई दे रही थी। इसे देखते हुए नगर पालिका ने मंदिर की भव्यता को पुनर्स्थापित करने का निर्णय लिया। प्रस्तावित कार्य के तहत प्राचीन संरचना की मूल पहचान को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक तकनीक से रंगाई-पुताई की जाएगी साथ ही बारीक नक्काशी और स्थापत्य सौंदर्य को उभारने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सिर्फ बाहरी सौंदर्य ही नहीं बल्कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर की साफ सफाई प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाया जाएगा। नगर पालिका का उद्देश्य है कि मंदिर परिसर न केवल आध्यात्मिक शांति का केंद्र बने बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी आकर्षण का प्रमुख स्थल बने।
शुभारंभ अवसर पर अध्यक्ष पप्पू मलिक ने कहा कि मंदिर केवल पूजा अर्चना का स्थान नहीं बल्कि शहर की पहचान और परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल टीकमगढ़ की छवि को और सुदृढ़ करेगी तथा आने वाली पीढ़ियों को अपनी धरोहर से जोड़ने में सहायक सिद्ध होगी।
इस पहल का स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया है। लोगों का मानना है कि मंदिर के नवीनीकरण से उसकी गरिमा और अधिक बढ़ेगी तथा बाहरी क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भी यह आकर्षण का केंद्र बनेगा। कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारी और अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Services And Contact
Latest News
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

