टीकमगढ़ जिले में संचालित नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना दिगोड़ा क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती का पर्दाफाश किया गया है। इस कार्रवाई में 26 किलोग्राम अफीम के पौधे जप्त कर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को मादक पदार्थों के उत्पादन एवं विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध मुखबिर तंत्र को सुदृढ़ कर सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना दिगोड़ा क्षेत्रांतर्गत मुखबिर से ग्राम प्रतापपुरा में अवैध अफीम की खेती संबंधी सूचना प्राप्त हुई।
थाना प्रभारी दिगोड़ा ने उक्त सूचना से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा अभिषेक गौतम (एसडीओपी, जतारा) के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश प्रदान किए गए।
गठित टीम ने थाना प्रभारी दिगोड़ा एवं पुलिस बल के साथ मुखबिर के बताए स्थान ग्राम बमहोरी के पास एक खेत में दबिश दी। जांच के दौरान आरोपी अजीत ख़ान पिता रिल्ली ख़ान, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम बमहोरी के स्वामित्व/कब्जे के कृषि क्षेत्र (गेहूं का खेत) में गेहूं की फसल के बीच अवैध रूप से अफीम के पौधे लगाए जाना पाया गया।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर छोटे-बड़े अफीम के पौधों को जड़, पत्ती एवं तना सहित उखाड़कर जप्त किया गया तथा विधिवत तौल करने पर उनका कुल वजन 26 किलोग्राम पाया गया। जप्ती की समस्त वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए थाना दिगोड़ा में अपराध क्रमांक 53/2026 दर्ज कर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस सराहनीय कार्रवाई में निरीक्षक मनीष मिश्रा सहित थाना दिगोड़ा पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने मादक पदार्थों के विरुद्ध की गई इस प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए संपूर्ण टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

