टीकमगढ़। 05 मार्च 2026 जिले में आपसी सौहार्द, भाईचारे और अनुशासन की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने अपने परिवार सहित पुलिस लाइन परिसर में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा समस्त पुलिस बल के साथ हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में होली का पर्व मनाया।
उल्लेखनीय है कि होली पर्व के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए समस्त पुलिस बल द्वारा पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी का निर्वहन किया गया। पुलिस की सजगता और सक्रियता के कारण जिले में होली का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इसी परंपरा के अनुसार प्रत्येक वर्ष की भाँति इस वर्ष भी होली के अगले दिन पुलिस परिवार द्वारा सामूहिक रूप से होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी को एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं तथा मुंह मीठा कराते हुए इस पावन पर्व की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार के बीच उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। पुलिसकर्मियों ने पुलिस अधीक्षक के साथ पारंपरिक होली गीतों पर झूमते हुए नृत्य किया और एक-दूसरे को रंग एवं गुलाल लगाकर त्योहार की खुशियां बांटी। पूरा आयोजन गरिमा, अनुशासन और आपसी सम्मान के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर कलेक्टर टीकमगढ़ विवेक श्रोत्रिय ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ स्नेहपूर्वक होली खेली।
कार्यक्रम में एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे, एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम, जिला वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. प्रदीप यादव, रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान, रक्षित निरीक्षक कैलाश पटेल सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा जिला मुख्यालय एवं थानों का पुलिस बल उपस्थित रहा।
होली के इस अवसर पर पुलिस परिवार के बीच आपसी एकजुटता, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला, जिसने पूरे कार्यक्रम को और अधिक यादगार बना दिया।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

