टीकमगढ़। जिले में चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में दिगोड़ा पुलिस ने 4 मार्च 2026 को थाना दिगोड़ा क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अफीम की फसल जब्त की है।
पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम प्रतापपुरा क्षेत्र में एक खेत में गेहूं की फसल के बीच अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई को दी गई। उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशानुसार गठित पुलिस टीम ने थाना प्रभारी दिगोड़ा एवं पुलिस बल के साथ ग्राम प्रतापपुरा स्थित बताए गए स्थान पर दबिश दी। जांच के दौरान आरोपी धंसा केवट पिता जूजू केवट (उम्र 65 वर्ष) निवासी प्रतापपुरा के स्वामित्व एवं कब्जे वाले कृषि क्षेत्र “मालन का हार” में गेहूं की फसल के बीच अवैध रूप से लगाए गए अफीम के पौधे पाए गए।
पुलिस टीम ने मौके पर अफीम के पौधों को जड़, तना और पत्तियों सहित विधिवत जब्त कर उनकी तौल की। जांच में कुल लगभग 419.1 किलोग्राम अवैध अफीम की फसल बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख 13 हजार रुपये आंकी गई है। जब्ती की समस्त वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी के विरुद्ध थाना दिगोड़ा में अपराध क्रमांक 55/2026 दर्ज कर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मनीष मिश्रा सहित थाना दिगोड़ा की पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने इस प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए संबंधित पुलिस टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा भी की है।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों के उत्पादन, परिवहन और अवैध व्यापार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त और सतत कार्रवाई जारी रहेगी।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

