टीकमगढ़। जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और न्यायालयों के लंबित वारंटों की तामील के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में जिला स्तर पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थाई वारंटियों की जानकारी एकत्रित कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में थाना देहात क्षेत्र अंतर्गत चौकी मजना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए करीब 11 वर्षों से फरार चल रहे स्थाई वारंटी आरोपी उत्तम अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी उत्तम अहिरवार पिता प्यारे लाल अहिरवार, निवासी छिपोन लंबे समय से फरार था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर मजना चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वर्ष 2026 में टीकमगढ़ पुलिस द्वारा वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत अब तक 26 स्थाई वारंटी और 342 गिरफ्तारी वारंटी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर फरार वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें, ताकि न्यायालय के आदेशों का समय पर पालन हो सके और जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

