टीकमगढ़। बुंदेलखंड के टीकमगढ़, छतरपुर और ओरछा क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने इस संबंध में रेल मंत्री अश्विन वैष्णव को स्मरण पत्र भेजकर क्षेत्र की महत्वपूर्ण रेल मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने अपने पत्र में विशेष रूप से खजुराहो से भोपाल तक वाया टीकमगढ़–छतरपुर नई रेल सेवा प्रारंभ किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि इस नई ट्रेन के शुरू होने से बुंदेलखंड क्षेत्र के लोगों को प्रदेश की राजधानी भोपाल से सीधे और सुगम संपर्क की सुविधा मिल सकेगी। इसके साथ ही टीकमगढ़–छतरपुर–ओरछा क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने तथा यात्रियों की सुविधा के लिए अन्य रेल सेवाओं के विस्तार का भी अनुरोध किया गया है।
दरअसल, सिंधिया इससे पहले भी इस विषय में रेल मंत्री को पत्र लिख चुके हैं, लेकिन अब तक रेल मंत्रालय की ओर से कोई अद्यतन जानकारी प्राप्त नहीं होने के कारण उन्होंने स्मरण पत्र भेजकर प्रस्ताव की वर्तमान स्थिति और संभावित कार्ययोजना से अवगत कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि यह विषय क्षेत्र की जनता से जुड़ा हुआ है, इसलिए इस पर की गई कार्रवाई की जानकारी जल्द उपलब्ध कराई जाए ताकि स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों को स्थिति से अवगत कराया जा सके।
उल्लेखनीय है कि प्रस्तावित रेल सेवा शुरू होने से न केवल स्थानीय यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी, बल्कि बुंदेलखंड के पर्यटन, व्यापार और सामाजिक–आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में पर्याप्त रेल विकल्प उपलब्ध न होने के कारण क्षेत्र के लोगों को लंबी दूरी तय करने या वैकल्पिक मार्गों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों की अतिरिक्त खपत होती है।
इसी मुद्दे को लेकर भाजपा नेता विकास यादव ने भी केंद्रीय मंत्री सिंधिया से मुलाकात कर क्षेत्र की रेल समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने खजुराहो से भोपाल वाया टीकमगढ़–छतरपुर प्रातःकालीन नई ट्रेन शुरू करने की मांग की थी, ताकि इन जिलों के लोग सुबह भोपाल पहुंचकर दिनभर में अपना काम निपटाकर कम खर्च में उसी दिन घर लौट सकें।
इसके अलावा उन्होंने खजुराहो से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के बीच संचालित मेमू ट्रेन का विस्तार ग्वालियर तक करने की मांग भी रखी है। क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव के कारण अधिकांश लोग इलाज के लिए ग्वालियर जाते हैं, इसलिए यह सुविधा उनके लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उज्जैन से हावड़ा तक वाया भोपाल, विदिशा, बीना, ललितपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, खजुराहो, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, गया और पारसनाथ होते हुए नई ट्रेन शुरू करने का सुझाव भी दिया गया है। साथ ही झांसी से वाया ओरछा, चित्रकूट और प्रयागराज होते हुए अयोध्या तक वंदे भारत ट्रेन शुरू करने तथा ओरछा रेलवे स्टेशन पर तुलसी एक्सप्रेस, महाकौशल एक्सप्रेस, चंबल एक्सप्रेस और उत्तर प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के स्टॉपेज की भी मांग की गई है।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया द्वारा रेल मंत्री को दोबारा पत्र लिखे जाने के बाद टीकमगढ़, छतरपुर और ओरछा क्षेत्र के लोगों में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर नई उम्मीद जगी है। क्षेत्रवासियों को आशा है कि आने वाले समय में इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर बुंदेलखंड को बेहतर रेल कनेक्टिविटी की सौगात दी जाएगी।
Services And Contact
Latest News
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

