टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित 18 दिवसीय “सृजन अभियान” के समापन अवसर पर टीकमगढ़ पुलिस ने ग्रामीण स्वावलंबन समिति के सहयोग से आज दिनांक 07 मार्च 2026 को कुचबंदियाना मोहल्ला, टीकमगढ़ में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रवि भूषण पाठक एवं महिला सेल से प्रधान आरक्षक रानू विश्वकर्मा ने उपस्थित महिलाओं और बच्चों को शिक्षा, जागरूकता तथा आत्मनिर्भरता के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा से संबंधित टीकमगढ़ पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न जिला स्तरीय अभियानों की जानकारी दी गई तथा महिलाओं को अपने अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सामाजिक सहभागिता के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर प्रधान आरक्षक रानू विश्वकर्मा द्वारा महिला दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए एक प्रेरणादायक गीत भी प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह और प्रेरणा का वातावरण बनाया।
कार्यक्रम के अंत में चयनित 25 बच्चों को प्रमाण पत्र, शिक्षण सामग्री तथा टॉफी वितरित की गई। बच्चों के चेहरों पर दिखाई दे रही खुशी और उत्साह ने कार्यक्रम को और भी सार्थक बना दिया।
इस अवसर पर निरीक्षक रवि भूषण पाठक, प्रधान आरक्षक रानू विश्वकर्मा, महिला आरक्षक कीर्ति बुंदेला, महिला आरक्षक मानसी तिवारी, आरक्षक कृष्णकांत, गजेंद्र, रंजीत सिंह सहित पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। साथ ही ग्रामीण स्वावलंबन समिति से राजकुमार, माधुरी, सुनील, सुरेंद्र, प्रियंका तथा अनुपमा नायक (अध्यक्ष, बाल कल्याण समिति) सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित ऐसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक पहल हैं, जिनके माध्यम से पुलिस और समाज के बीच विश्वास और सहयोग की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

