टीकमगढ़। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार 08 मार्च 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम टीकमगढ़ में एक गरिमामय एवं आत्मीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने जिले की महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ केक काटकर महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा उन्हें मिठाई खिलाकर इस विशेष दिवस की खुशियाँ साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने महिला पुलिसकर्मियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि टीकमगढ़ पुलिस महिला सुरक्षा, स्वतंत्रता और समानता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि महिला सुरक्षा को लेकर जिले में चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं, जिससे महिला अपराधों में कमी आने के साथ-साथ महिलाओं में जागरूकता और पुलिस के प्रति विश्वास का वातावरण भी मजबूत हुआ है।
पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने महिला पुलिसकर्मियों का उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज में विश्वास और सुरक्षा की मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने सभी महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को आगे भी इसी समर्पण और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए समाज में महिला सुरक्षा और सम्मान को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे, जिला वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. प्रदीप यादव, रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान, रक्षित निरीक्षक कैलाश पटेल, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रविभूषण पाठक, थाना प्रभारी देहात निरीक्षक चंद्रजीत यादव सहित जिले की सभी महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के माध्यम से महिला सम्मान, सहभागिता और सकारात्मक पुलिसिंग का संदेश दिया गया तथा समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और समानता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प भी दोहराया गया।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

