टीकमगढ़। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर टीकमगढ़ पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन, प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, डीजीपी कैलाश मकवाना तथा आईजी सागर जोन डॉ. हिमानी खन्ना के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में जिले में महिला सुरक्षा को लेकर विशेष पहलें संचालित की जा रही हैं।
महिला अपराधों को रोकने के उद्देश्य से टीकमगढ़ पुलिस ने नवाचार आधारित पुलिसिंग मॉडल “नव पहल” शुरू किया, जिसके अंतर्गत कन्या भ्रूण हत्या रोकथाम, बालिकाओं की सुरक्षा, किशोरियों को मार्गदर्शन, घरेलू हिंसा पीड़ितों की सहायता तथा वृद्ध महिलाओं की देखभाल जैसे विभिन्न अभियान चलाए गए।
इन अभियानों के परिणामस्वरूप जिले में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। कन्या भ्रूण हत्या के मामलों में 42.85 प्रतिशत, दहेज प्रताड़ना के मामलों में 54.12 प्रतिशत तथा छेड़छाड़ के मामलों में 24.44 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। वहीं वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में महिला अपराधों में औसतन लगभग 33 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
इसके साथ ही महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में महिला जनसंवाद कार्यक्रम चलाकर घर-घर पहुंचकर महिलाओं से संवाद स्थापित किया जा रहा है। आँगन बैठकों के माध्यम से उनकी समस्याएँ सुनकर तत्काल समाधान किया जा रहा है तथा हेल्पलाइन नंबरों और पुलिस सहायता की जानकारी भी दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल कानून व्यवस्था का विषय नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। टीकमगढ़ पुलिस का प्रयास है कि जिले की प्रत्येक महिला और बालिका स्वयं को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर टीकमगढ़ पुलिस ने महिला सुरक्षा और सम्मान को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प भी दोहराया।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

