टीकमगढ़। मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले में मानव अधिकार आयोग के लंबित प्रकरणों पर सुनवाई की गई। आम जनमानस को त्वरित न्याय दिलाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. सिंह की पहल पर आज सीधे जनता की सुनवाई की गई। जन-सुनवाई के दौरान उन्होंने अपनी संवेदनशीलता और प्रशासनिक दक्षता का परिचय देते हुए दर्जनों मामलों का जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा कर मौके पर ही निपटारा कर आम जनता को बड़ी राहत दी। इस विशाल और सफल जन-सुनवाई शिविर में मानव अधिकार आयोग, पुलिस और जिला प्रशासन के आला अधिकारी मुस्तैदी से उपस्थित रहे। आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने आम जनता के आवेदनों को बेहद गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने लगभग 80 से 90 प्रकरणों पर सुनवाई की तथा त्वरित न्याय प्रक्रिया के चलते इनमें से अधिकतम मामलों को मौके पर ही निराकृत किया गया। डॉ. सिंह ने कहा कि यह दौरा टीकमगढ़ जिले के लिए एक बड़ी सौगात साबित हुआ, जहाँ लालफीताशाही से दूर, जनता को सीधे और त्वरित न्याय की सुखद अनुभूति हुई। आयोग की इस पहल की शहर भर में भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है। जन-सुनवाई में पुलिस, राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, नगरपालिका, नल-जल योजना पीएचई और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े मामले सामने आए।
डॉ. सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश देते हुये कहा कि शेष बचे जिन मामलों में जांच की आवश्यकता है, उन्हें भी लटकाया नहीं जाए तथा समय-सीमा के भीतर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जिला प्रशासन ने इस पर सहमति व्यक्त की। डॉ सिंह की इस त्वरित कार्यप्रणाली और अधिकारियों को दिए गए कड़े निर्देशों से नागरिकों में अति उत्साह और संतोष देखा गया। मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने आज प्रातः कुंडेश्वर में स्वंभू भगवान शिव के अभिषेक एवं दिव्यांग छात्रावास के निरीक्षण के उपरांत जनसुनवाई प्रारंभ की। गृह ज़िले टीकमगढ़ पहुंचने पर जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं विभिन्न संस्थाओं, नागरिकों द्वारा डॉ. सिंह का अत्यंत आत्मीय स्वागत किया गया। कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय, पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई तथा जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर जिले में उनका स्वागत किया। आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ जिला जेल का निरीक्षण किया एवं आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
इस अवसर पर मानव अधिकार आयोग से उप पुलिस महानिरीक्षक श्री मुकेश श्रीवास्तव तथा पुलिस अधीक्षक श्रीमती रसना ठाकुर एवं जिले के कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय, पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई, जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे, आयोग मित्र डॉ. दीपक शर्मा, आयोग मित्र श्रीमती गायत्री राजे सुर्वे, अपर कलेक्टर श्री शिवप्रसाद मंडराह सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा विभागों के संबंधित अधिकारी तथा आयोग के सदस्य एवं आवेदक उपस्थित रहे।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

