टीकमगढ़। मध्यप्रदेश मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के साथ पुलिस लाइन परिसर, टीकमगढ़ में संचालित दिशा लर्निंग सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेंटर की शैक्षणिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और वहां अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
निरीक्षण के दौरान डॉ. सिंह ने लर्निंग सेंटर में उपलब्ध शांत एवं सुरक्षित अध्ययन वातावरण, सुव्यवस्थित बैठने की व्यवस्था, निःशुल्क वाई-फाई, दैनिक समाचार पत्र, विभिन्न पत्र-पत्रिकाएं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की उपयोगी पुस्तकों का अवलोकन किया। साथ ही उन्होंने समूह अध्ययन जैसी गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सकारात्मक और प्रेरणादायी प्रयास युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं तथा समाज में रचनात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यार्थियों से संवाद करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करना आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को अनुशासन, समर्पण और मेहनत के साथ अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने यह भी कहा कि समाज और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से ही युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने बताया कि दिशा लर्निंग सेंटर में विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समय-समय पर निरीक्षण और समीक्षा की जाती है, ताकि व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि युवाओं को सकारात्मक दिशा और उचित प्रोत्साहन मिलता रहे, जिससे वे अपने भविष्य को संवार सकें।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने सेंटर में उपलब्ध पुस्तकें, पत्र-पत्रिकाएं, वातानुकूलित व्यवस्था, वाई-फाई, पेयजल, फर्नीचर तथा शांत अध्ययन वातावरण का अवलोकन करते हुए इन व्यवस्थाओं की सराहना की और पुलिस अधीक्षक द्वारा किए जा रहे इस प्रयास को विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने मानवाधिकार आयोग अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह को टीकमगढ़ पुलिस के नवाचारों से संबंधित उपलब्धियों की पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. प्रदीप यादव, रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान, रक्षित निरीक्षक कैलाश पटेल, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रविभूषण पाठक, छात्र-छात्राएं, आमजन एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

