टीकमगढ़। जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को नगर पालिका सभागार कक्ष में नगर पालिका अधिकारियों और कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल भदौरिया ने की। बैठक में नगर पालिका सीमा के अंतर्गत आने वाले सभी वार्डों में जनगणना पूर्व तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान नगर पालिका क्षेत्र के 27 वार्डों के लिए वार्ड प्रभारियों की नियुक्ति की गई। सभी वार्ड प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने वार्डों में जाकर मकानों पर क्रमांक अंकित करें तथा प्रत्येक मकान में निवास करने वाले परिवारों और सदस्यों की सामान्य जानकारी एकत्रित करें।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल भदौरिया ने बताया कि जनगणना 2027 के तहत शहर को कुल 125 ब्लॉकों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक ब्लॉक में एक प्रगणक की नियुक्ति की जाएगी, जो लगभग 800 व्यक्तियों की गणना का कार्य करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अंतिम जनगणना नहीं है, बल्कि जनगणना से पूर्व की प्रारंभिक तैयारियों के अंतर्गत की जा रही प्रक्रिया है, जिससे आगामी जनगणना कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।
बैठक में भोपाल से आई जनगणना टीम के हरिओम तथा सांख्यिकी विभाग से गौरव मिश्रा ने भी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया और आवश्यक तैयारियों के संबंध में जानकारी दी।
इस दौरान नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, वार्ड प्रभारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
Services And Contact
Latest News
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

