टीकमगढ़ । आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सभी धर्मावलंबियों के साथ संवाद स्थापित कर आपसी भाईचारे, शांति एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी समुदायों से एक-दूसरे के धार्मिक पर्वों का सम्मान करने की अपील भी की गई है। इसी क्रम में दिनांक 11 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के पालन में थाना बल्देवगढ़ प्रभारी निरीक्षक प्रीति भार्गव ने अपनी पुलिस टीम के साथ बल्देवगढ़ कस्बे में मुस्लिम समुदाय के लोगों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान समुदाय के प्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ सामूहिक चर्चा कर आगामी त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द एवं आपसी सहयोग बनाए रखने के संबंध में विस्तार से बातचीत की गई। थाना प्रभारी द्वारा सभी से कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई। उपस्थित नागरिकों ने भी प्रशासन के साथ सहयोग करने एवं क्षेत्र में आपसी भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने का भरोसा दिलाया। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे आगामी त्योहारों को पारंपरिक उल्लास, आपसी सम्मान और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि या अफवाह की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

