टीकमगढ़ । पर्यावरण संरक्षण के प्रति गहरी संवेदनशीलता और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के संकल्प के साथ म.प्र. मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के साथ दिनांक 10 मार्च 2026 को पुलिस लाइन परिसर स्थित माँ की बगिया में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण अभियान को नई ऊर्जा प्रदान की। उन्होंने कहा कि आज मानवता जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और बढ़ते तापमान जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण संरक्षण का साधन है, बल्कि यह भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेवारी का भी प्रतीक है। छोटे-छोटे प्रयास जब निरंतरता और ईमानदारी के साथ किए जाते हैं, तो वे बड़े सकारात्मक बदलाव का आधार बनते हैं। डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में संचालित माँ की बगिया को एक प्रेरणादायी और अनुकरणीय पहल बताया। उन्होंने विशेष रूप से इस तथ्य की सराहना की कि भीषण 47 डिग्री तापमान के दौरान भी पौधों का संरक्षण अत्यंत संवेदनशीलता और समर्पण के साथ किया गया। इसके साथ ही उन्होंने इस नवाचार की भी प्रशंसा की कि पुलिस आवास परिसर से निकलने वाले अपशिष्ट जल को शुद्ध कर पौधों की सिंचाई में उपयोग किया जा रहा है, जिससे जल संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन का प्रभावी संदेश समाज तक पहुँच रहा है। अध्यक्ष ने बताया कि पौधों को पशुओं से सुरक्षित रखने के लिए समुचित बाड़बंदी की व्यवस्था की गई है। साथ ही पुलिस अधीक्षक द्वारा समय-समय पर माँ की बगिया का निरीक्षण कर पौधों के संरक्षण, देखरेख और संवर्धन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं, जो इस अभियान की सफलता का महत्वपूर्ण आधार है। उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में पुलिस लाइन परिसर में अब तक 10,000 से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है। इन पौधों का संरक्षण, संवर्धन और नियमित देखरेख सुनिश्चित करते हुए उन्हें विकसित किया जा रहा है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के प्रति पुलिस विभाग की दूरदर्शी सोच और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
वृक्षारोपण के इस पुनीत अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने, पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का संकल्प लेने का संदेश दिया इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान, रक्षित निरीक्षक कैलाश पटेल, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रविभूषण पाठक सहित पुलिस लाइन एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

