टीकमगढ़। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से प्राप्त दिशा निर्देशानुसार जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा के तत्वावधान में 10 से 14 मार्च 2026 तक 5 दिवसीय भूकंप पूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन कार्यक्रम के प्रथम बैच का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रथम सत्र में शासकीय नियमित अधिकारियों को सम्मिलित किया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर श्री एसपी मंडराह द्वारा की गई। उन्होंने आपदा प्रबंधन के महत्व एवं इसके प्रबन्धन पर विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के प्रथम दिवस जिला सेनानी श्री बीपी नामदेव द्वारा आपदा एवं उनके प्रकार, भारत एवं मध्य प्रदेश में भूकंप का इतिहास भूकंप आने के कारण, भूकंप का विभिन्न जोन में वर्गीकरण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही सुश्री दीपा जैन गेस्ट फैकल्टी पॉलिटेक्निक टीकमगढ़ द्वारा भूकंप के बारे में विस्तृत विवरण, भूकंप आने पर तात्कालिक कार्यवाही एवं शारीरिक बचाव, भू-गर्भीय हलचल एवं संभावनाएं विषय पर विस्तार से जानकारी दी गई। अंत में श्री अमित दुबे प्लाटून कमांडर द्वारा सीपीआर एवं भूकंप के समय प्रयोग किए जाने वाले आपदा उपकरणों के बारे में बताया गया।

