टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गैस एजेंसी संचालकों, पेट्रोल पंप संचालकों तथा रेस्टोरेंट प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में रसोई गैस (एलपीजी) की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था और उसके दुरुपयोग को रोकने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने जिले में एलपीजी गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।
कलेक्टर ने बताया कि प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों के माध्यम से नियमित रूप से सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है तथा पूरे वितरण तंत्र की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे घबराहट में अनावश्यक रूप से सिलेंडर जमा करने या बार-बार बुकिंग करने से बचें।
कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर सख्ती
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति या संस्था गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या अफवाह फैलाने में लिप्त पाई जाती है तो उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग होटल, ढाबों या अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में करना कानूनन अपराध है। इससे न केवल शासन को राजस्व की हानि होती है बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी यह बेहद खतरनाक है। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आम उपभोक्ताओं को उनके अधिकार की गैस सुलभता से मिले, इसमें बाधा डालने वाले किसी भी व्यक्ति या एजेंसी पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश
कलेक्टर ने जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस प्रशासन को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाएं। घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करने वालों और अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि जिले के लगभग 2 लाख 62 हजार 477 उपभोक्ताओं को समय पर और निर्धारित मूल्य पर सिलेंडर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही जिले की सभी 22 गैस एजेंसियों के स्टॉक और वितरण प्रक्रिया की नियमित जांच भी की जाएगी।
समस्या होने पर यहां करें शिकायत
यदि किसी भी नागरिक को गैस सिलेंडर प्राप्त करने में परेशानी आती है या भारत गैस, इंडेन गैस अथवा एचपी गैस के डीलर द्वारा सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो नागरिक निम्न हेल्पलाइन नंबरों पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं—
भारत गैस हेल्पलाइन: 1800-22-4344 (टोल फ्री)
इंडेन गैस कस्टमर केयर: 1800-2333-555 (टोल फ्री)
एचपी गैस कस्टमर केयर: 1800-2333-555 (टोल फ्री)
Services And Contact
Latest News
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

