टीकमगढ़। छतरपुर रेंज के डीआईजी विजय खत्री द्वारा जिला टीकमगढ़ के वार्षिक निरीक्षण के दौरान 13 मार्च 2026 को पुलिस लाइन टीकमगढ़ परिसर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई सहित जिले के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
सैनिक सम्मेलन के दौरान डीआईजी विजय खत्री ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उनके कार्यों, अनुभवों तथा ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की। इस अवसर पर उन्होंने पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत, पारिवारिक और विभागीय समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक आश्वासन और मार्गदर्शन प्रदान किया। डीआईजी का यह संवेदनशील संवाद पुलिस बल के बीच विश्वास, आत्मीयता और सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत करने वाला रहा।
अपने संबोधन में डीआईजी विजय खत्री ने टीकमगढ़ पुलिस द्वारा जागरूकता और अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने जिले में पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में संचालित नवाचारों और जनहितकारी पहलों की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रेरणादायी बताया। साथ ही पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी व्यावसायिक दक्षता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए समाज में पुलिस की सकारात्मक छवि को और सुदृढ़ करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने डीआईजी विजय खत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सैनिक सम्मेलन पुलिस बल के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं, क्योंकि इससे पुलिसकर्मियों को अपनी समस्याएं सीधे वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलता है और उनके मनोबल को भी नई ऊर्जा मिलती है।
इस आयोजन ने पुलिस बल में आपसी समन्वय, विश्वास और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को और अधिक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

