टीकमगढ़। छतरपुर रेंज के डीआईजी विजय खत्री ने 13 मार्च 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम टीकमगढ़ में जिले के राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई भी मौजूद रहे। इस दौरान जिले में घटित अपराधों की स्थिति, लंबित प्रकरणों तथा कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में डीआईजी विजय खत्री ने लंबित अपराधों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निराकरण पर विशेष बल दिया। साथ ही लंबित चालानों की स्थिति की समीक्षा कर उन्हें समयबद्ध तरीके से न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। गुमशुदा व्यक्तियों, विशेष रूप से बालक एवं बालिकाओं के मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को उन्हें जल्द से जल्द तलाश कर परिजनों तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने को कहा गया।
डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का अधिकतम और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अनुसूचित जाति एवं जनजाति के विरुद्ध अपराधों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की जाए तथा लंबित खातमा और खारिजी प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उन्हें जल्द निपटाया जाए।
बैठक में लघु अधिनियम, जुआ एक्ट, आबकारी एक्ट और आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने और स्थायी वारंटों की तामील कर वारंटियों को न्यायालय में पेश करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि आमजन के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार रखें तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करें। साथ ही जनसंवाद के माध्यम से नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और साइबर अपराधों से बचाव संबंधी जागरूकता अभियान गांवों और कस्बों में प्रभावी ढंग से चलाने के लिए कहा गया।
अपराध समीक्षा के दौरान डीआईजी विजय खत्री ने टीकमगढ़ पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई और प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रिय और प्रभावी कार्यवाही जारी रखने के लिए अधिकारियों को प्रेरित किया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह, एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे, एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम, रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
Services And Contact
Latest News
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

