टीकमगढ़। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा के तत्वावधान में आयोजित 5 दिवसीय भूकंप पूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम बैच का समापन किया गया। समापन समारोह में कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय और डिप्टी कलेक्टर एस.के. तोमर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने आपदा से निपटने के लिए पूर्व तैयारी और प्रभावी प्रबंधन की आवश्यकता पर जोर देते हुए मॉकड्रिल और प्रशिक्षण कार्यशालाओं के महत्व को सरल और सहज भाषा में समझाया। उन्होंने कहा कि आपदा के समय सही प्रशिक्षण और त्वरित निर्णय से जनहानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में कार्यशाला में शामिल सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
प्रशिक्षण सत्र के अंतिम दिन जिला सेनानी बी.पी. नामदेव द्वारा पूर्व दिवसों में भूकंप से संबंधित दिए गए प्रशिक्षण का पुनरावलोकन कराया गया। साथ ही भूकंप के दौरान क्षतिग्रस्त इमारतों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के आकस्मिक बचाव उपायों की जानकारी दी गई तथा बचाव कार्य में उपयोग होने वाली रस्सियों की विभिन्न गांठों के बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया।
इसके अलावा प्लाटून कमांडर अमित दुबे ने प्रशिक्षणार्थियों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का व्यावहारिक अभ्यास कराया, जिससे आपात स्थिति में घायल या अचेत व्यक्ति को तत्काल प्राथमिक सहायता प्रदान की जा सके।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को आपदा की स्थिति में तत्परता, समन्वय और बचाव कौशल विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

