टीकमगढ़। जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में उपभोक्ता जनजागृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग टीकमगढ़ की सदस्य डॉ. प्रीति सिंह परमार उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यापर्ण कर किया गया। इसके पश्चात् जिला आपूर्ति अधिकारी कुलदीप मौर्य ने उपभोक्ताओं को परिभाषित करते हुए कार्यक्रम के लक्ष्यों से सभी को अवगत कराया। उन्होंने उपभोक्ता संरक्षण हेतु जिला राज्य एवं राष्ट्रीय न्यायालयों की जानकारी दी। विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. प्रीति सिंह परमार ने कहा कि उपभोक्ता जागरूकता एवं जानकारी के अभाव में शोषण व ठगी का शिकार होता है। उन्होंने उपभोक्ताओं के साथ घटित विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए सभी को जागरूक किया। आज उपभोक्ताओं को जागरूक होने की आवश्यकता है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष जैन ने शिकायतों के लिये विभिन्न स्तरों के आयोगों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी और कहा कि कार्यवाही के लिये उपभोक्ताओं को रसीद जरूर लेना चाहिये, उन्होंने शोषण से बचने के लिये विभिन्न उपायों एवं सावधानियों की जानकारी दी। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री सार्थक तिवारी ने कहा कि उपभोक्ता दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को सशक्त बनाना है। जागरूक उपभोक्ता ही सशक्त उपभोक्ता होता है। नापतौल विभाग की ओर से खुशीलाल रैकवार ने नापतौल के समय ध्यान देने लोग आवश्यक सावधानियों से सभी को अवगत कराया ।
कार्यक्रम के दौरान सभाकक्ष में नापतौल विभाग, खाद्य औषधि प्रशासन विभाग, द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी सभी के द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन जनजागरण दल प्रमुख श्री वीरेन्द्र कुमार चंसौरिया ने किया तथा आभार श्री कुलदीप मौर्य जिला आपूर्ति अधिकारी द्वारा व्यक्त किया गया। इस अवसर पर श्रीमती सपना सेन, मनीष तिवारी, सुधीर खरे बद्रीविशाल चतुर्वेदी विक्रम यादव,ललित सोनी शंकर सिंह यादव, काशीराम रैकवार, शालिकराम विश्वकर्मा सहित अनेक उपभोक्ता, शासकीय उचित मूल्य दुकानदार उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

