टीकमगढ़ । पुलिस उप महानिरीक्षक छतरपुर रेंज विजय खत्री ने टीकमगढ़ प्रवास के दौरान पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के साथ पुलिस लाइन परिसर में संचालित दिशा लर्निंग सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेंटर की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए अध्ययनरत विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी निरीक्षण के दौरान डीआईजी श्री खत्री ने लर्निंग सेंटर में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों और सुविधाओं की सराहना* की। उन्होंने शांत एवं सुरक्षित अध्ययन वातावरण, व्यवस्थित बैठने की व्यवस्था, निःशुल्क वाई-फाई, दैनिक समाचार पत्र, विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों की उपलब्धता को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास युवाओं को बेहतर दिशा देने के साथ-साथ उनके सपनों को साकार करने में सहायक सिद्ध होते हैं।
डीआईजी श्री खत्री ने विद्यार्थियों से चर्चा करते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन और निरंतर अध्ययन की महत्ता समझाई। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत, सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प के साथ कोई भी विद्यार्थी अपने जीवन में बड़ी सफलता प्राप्त कर सकता है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने बताया कि दिशा लर्निंग सेंटर में विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के लिए समय-समय पर निरीक्षण एवं आवश्यक सुधार किए जाते हैं। उनका उद्देश्य युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सकारात्मक और प्रेरणादायी मंच प्रदान करना है। प्रवास के दौरान डीआईजी विजय खत्री ने देहात थाना परिसर में आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्थापित किए गए आरओ शुद्ध पेयजल संयंत्र का शुभारंभ किया। गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए यह व्यवस्था थाना आने वाले नागरिकों के लिए राहत प्रदान करेगी। इसके साथ ही थाना परिसर में आने वाले लोगों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था का भी शुभारंभ किया गया, जिससे आमजन को बेहतर सुविधा और सहज वातावरण उपलब्ध हो सके। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने डीआईजी विजय खत्री को पुलिस द्वारा किए जा रहे विभिन्न नवाचारों और जनहितकारी पहलों की जानकारी भी दी। इस अवसर पर उन्हें इन उपलब्धियों से संबंधित पुस्तक भी भेंट की गई। कार्यक्रम के दौरान जिला वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. प्रदीप यादव, रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान, रक्षित निरीक्षक कैलाश पटेल, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रविभूषण पाठक, थाना प्रभारी देहात निरीक्षक चंद्रजीत यादव सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, आमजन एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

