टीकमगढ़ । पुलिस मुख्यालय के मार्गदर्शन में पुलिस कर्मियों के मानसिक, भावनात्मक और शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में ध्यान एवं आत्मचिंतन से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिले में भी पुलिस बल के कल्याण को ध्यान में रखते हुए नियमित ध्यान सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में दिनांक 15 मार्च 2026 को जिला मुख्यालय सहित सभी थाना एवं चौकी स्तर पर साप्ताहिक सामूहिक ध्यान सत्रों का आयोजन किया गया। इन सत्रों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए ध्यान अभ्यास के माध्यम से मानसिक शांति, आत्मनियंत्रण और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। इन ध्यान सत्रों का उद्देश्य केवल कार्य से जुड़े तनाव को कम करना नहीं है, बल्कि पुलिस कर्मियों के भीतर आत्मविश्वास, धैर्य, एकाग्रता और सकारात्मक सोच को विकसित करना भी है। ध्यान अभ्यास के माध्यम से उन्हें चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी संयमित, संतुलित और संवेदनशील तरीके से कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन में संचालित इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को मानसिक रूप से मजबूत बनाना है, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक दक्षता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कर सकें। मानसिक रूप से सशक्त और संतुलित पुलिस बल समाज में सुरक्षा और विश्वास की भावना को और अधिक सुदृढ़ करता है। पुलिस द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम संगठन के आंतरिक सुदृढ़ीकरण तथा पुलिस कर्मियों के कल्याण की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। भविष्य में भी ऐसे ध्यान एवं आत्मचिंतन सत्र नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे पुलिस बल की कार्यक्षमता और जनसेवा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो सके।

