टीकमगढ़/बल्देवगढ़। देश में पिछड़ा एवं दलित वर्ग के अधिकारों की आवाज बुलंद करने वाले, पूर्व राज्यसभा सांसद तथा काका कालेलकर आयोग के सदस्य रहे चौरसिया समाज के गौरव बैरिस्टर बाबू शिवदयाल सिंह चौरसिया की जयंती बल्देवगढ़ में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में समाज के लोगों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को स्मरण किया।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी जगदीश प्रसाद चौरसिया सहित अन्य अतिथियों ने बाबू शिवदयाल सिंह चौरसिया के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उपस्थित वक्ताओं ने उनके सामाजिक, राजनीतिक और जनहित के कार्यों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवनभर पिछड़े और दलित वर्ग के अधिकारों और उत्थान के लिए संघर्ष किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी भागीरथ चौरसिया (महाराजपुर) ने कहा कि बाबू शिवदयाल सिंह चौरसिया का जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी समाज को आगे बढ़ने और अपने अधिकारों के लिए जागरूक रहने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने समाज के लोगों से उनके आदर्शों और मिशन को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शिक्षक अनिल चौरसिया (लिधौरा), भाजपा मंडल अध्यक्ष बरेलाल चौरसिया (नंदू नेता), नगर पंचायत बल्देवगढ़ के पार्षद राजकुमार चौरसिया, समाजसेविका श्रीमती मनीषा चौरसिया (टीकमगढ़), शिक्षक राजेश चौरसिया, महेश चौरसिया, बिहारीलाल चौरसिया सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

