टीकमगढ़। मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल भैया ने पार्टी छोड़कर जाने वाले नेताओं को लेकर तीखा और स्पष्ट संदेश दिया है। सोमवार 16 मार्च 2026 को टीकमगढ़ आए जहां अजय सिंह ने कहा कि जो नेता कांग्रेस छोड़ना चाहते हैं, वे बिना किसी हिचक के आज ही पार्टी से जा सकते हैं, क्योंकि इससे कांग्रेस को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि छोटा परिवार सुखी परिवार। बुंदेलखंड प्रवास पर निकले अजय सिंह सोमवार को पहले ओरछा पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीराम राजा सरकार के दर्शन किए। इसके बाद शाम करीब पांच बजे वे टीकमगढ़ पहुंचे। शहर के हीरानगर तिराहा पर कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला, नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार पप्पू मालिक तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत के बाद सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने मीडिया से विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर बातचीत की। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने भाजपा में चल रही चर्चाओं पर भी टिप्पणी की। विशेष रूप से ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर मुख्यमंत्री पद की संभावनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय सिंह ने कहा कि जब सिंधिया कांग्रेस में थे, तब उन्हें पार्टी की पहली कतार में जगह मिलती थी, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं और सबके सामने हैं। उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा तय करने से पहले पार्टी को ग्वालियर में यह तय कर लेना चाहिए कि वहां ज्यादा प्रभाव किसका है नरेंद्र सिंह तोमर का या सिंधिया का।–2018 की यात्रा का भी किया जिक्र— अजय सिंह ने बताया कि वे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के उद्देश्य से यह यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में भी उन्होंने पूरे प्रदेश का दौरा किया था और उस दौरान माला न पहनने का संकल्प लिया था। उस यात्रा के बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी, हालांकि वह सरकार अपना पूरा कार्यकाल पूरा नहीं कर सकी। —-2028 में कांग्रेस की वापसी का दावा—उन्होंने कहा कि इस बार भी उन्होंने यात्रा के दौरान माला न पहनने का संकल्प लिया है। अजय सिंह ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2028 में मध्यप्रदेश में फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी और इस बार सरकार अपना पूरा पांच वर्ष का कार्यकाल भी पूरा करेगी। इस मौके पर विधानसभा क्षेत्र टीकमगढ़ के विधायक दादा यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने जानकारी दी कि अजय सिंह बुंदेलखंड क्षेत्र के पांच दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वे पुराने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पार्टी से जुड़े परिवारों से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। वहीं पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ विधायक अजय सिंह राहुल भैया साथियों के साथ
जामा मस्जिद में पवित्र माह रमज़ान के अवसर पर रोज़ा इफ्तारी कार्यक्रम में भी सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उपस्थित सभी सम्मानित साथियों से उन्होंने आत्मीय भेंट-मुलाकात की जहां उन्होंने कहा कि रमजान का यह पवित्र माह हम सभी को भाईचारे, सौहार्द एवं आपसी सद्भाव का संदेश देता है एवं यह पवित्र महीना हमें त्याग, सेवा, संयम और मानवता के मार्ग पर चलने की भी प्रेरणा देता है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

