टीकमगढ़ । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के परिप्रेक्ष्य में पुलिस मुख्यालय, भोपाल में आयोजित एक दिवसीय विशेष कार्यशाला में जिले में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और अभियानों का उत्कृष्ट प्रस्तुतिकरण किया गया। यह प्रस्तुति पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में जिले में संचालित महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न अभिनव प्रयासों को पीपीटी के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।कार्यशाला में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पुलिस अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर स्पेशल डीजीपी महिला सुरक्षा तथा आईजी द्वारा पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ की महिला सुरक्षा हेतु संचालित नवपहल की विशेष सराहना की गई। उन्होंने टीकमगढ़ पुलिस द्वारा संचालित महिला संबंधी अभियानों को अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि ऐसे नवाचारों के माध्यम से महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं महिलाओं में सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सकता है। इस कार्यशाला में जिला टीकमगढ़ का प्रतिनिधित्व उप निरीक्षक वीणा विश्वकर्मा द्वारा किया गया, जिन्होंने जिले में संचालित महिला सुरक्षा अभियानों और नवाचारों का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया। उनके सुव्यवस्थित एवं तथ्यपरक प्रस्तुतीकरण ने उपस्थित अधिकारियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। उल्लेखनीय है कि पुलिस मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला टीकमगढ़ को पूरे प्रदेश में नवाचार श्रेणी में प्रथम एवं एकमात्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि न केवल जिले के लिए गर्व का विषय है,बल्कि यह दर्शाती है कि टीकमगढ़ पुलिस महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति संवेदनशील, प्रतिबद्ध और नवाचारों के माध्यम से निरंतर प्रयासरत है।टीकमगढ़ पुलिस की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है तथा भविष्य में भी महिला सुरक्षा से जुड़े प्रभावी अभियानों को और सशक्त बनाने की प्रेरणा प्रदान करती है। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने जिले को प्राप्त इस गौरव के लिए सभी पुलिस अधिकारियों,कर्मचारियों को बधाई दी है।

