टीकमगढ़/ओरछा। विश्वस्तरीय धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ओरछा में रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर विभिन्न महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं।
पत्र में सिंधिया ने उल्लेख किया है कि मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगरी ओरछा को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा पर्यटन हब के रूप में विकसित करने के प्रयास जारी हैं। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं, जबकि विशेष धार्मिक अवसरों और उत्सवों के दौरान यह संख्या और अधिक बढ़ जाती है।
मौजूदा सुविधाएं अपर्याप्त, यात्रियों को हो रही परेशानी
उन्होंने पत्र में बताया कि वर्तमान में ओरछा रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाएं और परिचालन क्षमता यात्रियों की बढ़ती संख्या के मुकाबले सीमित हैं। इसके कारण यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता है और क्षेत्रीय पर्यटन की संभावनाओं का पूर्ण लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इन प्रमुख मांगों पर किया गया विचार का अनुरोध
सिंधिया ने रेल मंत्री से निम्न बिंदुओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया है—
झांसी स्टेशन का भार कम करने हेतु ओरछा स्टेशन पर पिट लाइन निर्माण की संभावनाओं का परीक्षण
परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए स्टॉपेज चेंजिंग प्वाइंट विकसित करना
प्रमुख धार्मिक अवसरों पर विशेष ट्रेनों के संचालन की व्यवहार्यता
यात्रियों की सुविधा के लिए अलग आरक्षण काउंटर की स्थापना
प्लेटफॉर्म नंबर 02 पर शेड निर्माण की व्यवस्था
ओरछा रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर ओरछा स्टेट के तत्कालीन महाराजा मधुकर शाह के नाम पर रखने की मांग
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, स्थानीय अपेक्षाओं की होगी पूर्ति
सिंधिया ने अपने पत्र में कहा कि यदि इन प्रस्तावों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाता है तो न केवल क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की अपेक्षाएं भी पूरी होंगी। साथ ही यात्रियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्रवाई की जानकारी देने का भी किया अनुरोध
उन्होंने रेल मंत्री से इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने तथा की गई कार्रवाई से अवगत कराने का अनुरोध भी किया है।
भाजपा नेता की मांग पर उठाया गया मुद्दा
गौरतलब है कि भाजपा नेता विकास यादव की मांग पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यह मुद्दा उठाते हुए रेल मंत्री को पत्र लिखा है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

