टीकमगढ़। ईद-उल-फितर का पर्व हर्षोल्लास, उल्लास और पारंपरिक भाईचारे के साथ जिलेभर में मनाया गया। रमज़ान के पवित्र महीने की समाप्ति पर शनिवार सुबह मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मस्जिदों और ईदगाहों में विशेष नमाज़ अदा कर अमन-चैन, शांति और आपसी सौहार्द के लिए दुआएं मांगीं। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और खुशियां साझा कीं।
शनिवार सुबह लगभग 8 बजे शहर की सिविल लाइन स्थित ईदगाह में मुख्य नमाज़ अदा की गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए। सुबह से ही ईदगाह में नमाजियों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी और परिसर के बाहर मेले जैसा माहौल देखने को मिला। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए ईद की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जामा मस्जिद के पेश इमाम मुफ्ती मोहम्मद शहंशाह साअदी चिश्ती अकबरी ने नमाज़ अदा कराई। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि ईद का दिन बेहद मुबारक होता है, जब अल्लाह अपने बंदों को इबादत और रोजों का सवाब अता करता है। उन्होंने अपील की कि समाज के संपन्न लोग जरूरतमंदों और गरीबों की मदद करें, ताकि हर व्यक्ति खुशी के साथ ईद मना सके और किसी को भी अभाव का एहसास न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि रमज़ान का महीना मुस्लिम समाज के लिए बेहद खास होता है, जिसमें लोग पूरे मन से इबादत कर अपनी गलतियों की माफी मांगते हैं। अल्लाह अपने बंदों की सच्ची इबादत से खुश होकर उनकी गलतियों को माफ करता है और उन्हें नेमतों से नवाजता है।
सुबह से उमड़ी नमाजियों की भीड़
ईद के मौके पर हजारों की संख्या में लोग ईदगाह पहुंचे और नमाज़ अदा की। इस दौरान आपसी भाईचारे और देश-दुनिया में शांति बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।
कड़ी रही सुरक्षा व्यवस्था
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शहर की मस्जिदों और ईदगाहों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा तथा विभिन्न स्थानों पर फिक्स प्वाइंट्स और पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने शहर में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से अपील की कि सभी लोग त्योहार को शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
इस प्रकार जिले में ईद-उल-फितर का पर्व उत्साह, श्रद्धा और भाईचारे के माहौल में संपन्न।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

