टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में सोमवार 23 मार्च 2026 को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में टीएल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले में खरीफ सीजन में उर्वरक,खाद का वितरण ई-वितरण प्रणाली के माध्यम से ही सुनिश्चित किया जाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर किसानों को इस व्यवस्था के प्रति जागरूक करें और उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण इस एप के माध्यम से कराया जाए, ताकि खाद वितरण की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके। बैठक में कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान अंतर्गत शासन द्वारा जारी कार्ययोजना अनुसार जिम्मेदारी से कार्य करें। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि अभियान के अंतर्गत जल स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन एवं पुनर्जीवन के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि नदियों, तालाबों एवं कुओं की नियमित साफ-सफाई, गहरीकरण एवं मरम्मत कार्य समय-सीमा में पूर्ण किए जाये। साथ ही वर्षा जल संचयन के लिए प्रभावी योजना बनाकर उसका क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जल स्तर में सुधार लाया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान के तहत जनभागीदारी बढ़ाई जाए और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने हेतु निर्देशित किया। विवेक श्रोत्रिय ने निर्देशित किया कि घरेलू गैस एवं कमर्शियल गैस से संबंधित नियमों का शासन के निर्देशानुसार कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों के उपयोग, वितरण एवं परिवहन में निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए। बैठक में संकल्प से समाधान अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के तहत प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि अभियान अंतर्गत 24 मार्च को जनपद टीकमगढ़ में विकासखंड स्तरीय शिविर का आयोजन किया जायेगा। शिविर में प्राप्त प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जायेगा।
बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के शीघ्र एवं संतोषजनक निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में हल करें, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके। उन्होंने निर्देशित किया कि शिकायतों का निराकरण गुणवत्तापूर्ण हो तथा बिना उचित समाधान के शिकायतों को बंद नहीं किया जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ नवीत कुमार धुर्वे, अपर कलेक्टर शिवप्रसाद मंडराह, संयुक्त कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटौरिया, एसडीएम जतारा संजय कुमार दुबे, डिप्टी कलेक्टर एसके तोमर, सुश्री अंजली शर्मा तथा निशांत भूरिया, सीएमएचओ डाॅ. ओपी अनुरागी, डीडीए मनोज कश्यप, लोकसेवा प्रबंधक अमन गोयल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

