टीकमगढ़। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत पीजी कालेज के समीप स्थित गणेश बावरी पर श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने स्वयं श्रमदान करते हुए जल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश दिया। कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने सभी जिलेवासियों से आह्वान किया कि जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सभी नागरिक आगे आएं और श्रमदान कर इस अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की आवश्यकता है तथा इसके लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। कार्यक्रम के दौरान जल स्रोतों की साफ-सफाई, संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सामूहिक श्रमदान किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, सीएमओ नगर पालिका परिषद टीकमगढ़ श्री ओमपाल सिंह भदौरिया, पार्षद प्रतिनिधि श्री सन्नी सोनी, रॉबिन हुड आर्मी के सदस्य, नगर पालिका उपयंत्री, समस्त कर्मचारियों सहित स्थानीयजन, नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अभियान को सफल बनाया।
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नगर पालिका द्वारा प्राचीन बाबरियों के पुनरुत्थान का संकल्प लिया गया है। इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देना है। नगर पालिका स्थित प्राचीन बाबरियों की साफ-सफाई, गहरीकरण एवं मरम्मत कार्य कर उसे पुनर्जीवित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा, जिससे जल संचयन को बढ़ावा मिल सके और क्षेत्र में जल संकट की समस्या का समाधान हो सके। इस अवसर पर अधिकारियों ने आमजन से भी अपील की कि वे जल संरक्षण के इस अभियान में सहभागिता निभाएं और अपने आसपास के जल स्रोतों की सुरक्षा एवं स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

