टीकमगढ़। निषाद समाज के आराध्यदेव एवं भगवान श्रीराम के परम सखा निषादराज गुह्य जी की जयंती के पावन अवसर पर रैकवार समाज द्वारा नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए और पूरे श्रद्धा, उत्साह एवं उल्लास के साथ आयोजन को सफल बनाया।
शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए निकली, जिसमें भक्तिमय वातावरण और जयघोष गूंजते रहे। आयोजन के दौरान स्थानीय सिंधी धर्मशाला चौराहे पर पूर्व विधायक राकेश गिरी गोस्वामी ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत एवं वंदन किया।
इस मौके पर उन्होंने समाजजनों को जयंती की शुभकामनाएं देते हुए निषादराज गुह्य जी के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और समाज की एकता, भाईचारे एवं समृद्धि की कामना की।
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। अंत में सभी को जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं एवं मंगलकामनाएं दी गईं।

