टीकमगढ़ (मध्य प्रदेश), 24 मार्च 2026। बोरलॉग इंस्टीट्यूट फॉर साउथ एशिया (BISA) के जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), टीकमगढ़ में क्रेता-विक्रेता बैठक (बायर-सेलर मीट) का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना, मंडी व्यापारियों से उनकी समस्याओं को समझना तथा किसानों को सीधे बाजार से जोड़ना रहा।
बैठक में किसानों और मंडी व्यापारियों के बीच खुली चर्चा हुई। किसानों ने फसल बिक्री में आने वाली समस्याएं, उचित मूल्य, परिवहन और गुणवत्ता से जुड़े मुद्दे रखे, वहीं व्यापारियों ने भी अपनी मांगें और सुझाव साझा किए। इससे दोनों पक्षों के बीच बेहतर समन्वय और समझ विकसित हुई।
कार्यक्रम में जलवायु अनुकूल (क्लाइमेट रेसिलिएंट) कृषि को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। किसानों को उन्नत बीज, नई तकनीकों और बेहतर बाजार लिंकेज की जानकारी दी गई, जिससे वे बदलते जलवायु परिस्थितियों में भी बेहतर उत्पादन कर सकें।
इस अवसर पर संसद प्रतिनिधि अनुराग वर्मा, कृषि महाविद्यालय टीकमगढ़ के अधिष्ठाता डॉ. डी.एस. तोमर, कृषि विज्ञान केंद्र प्रभारी डॉ. बी.एस. किरार सहित अन्य वैज्ञानिक, भाजपा किसान मोर्चा निवाड़ी के जिला उपाध्यक्ष बीरेंद्र सिंह परमार, सहायक कृषि यंत्री डीलेश्वर बंदेवार, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी तिवारी जी, BISA प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर डॉ. पंकज कुमार, आजीविका मिशन से रमेशचंद जैन तथा पतंजलि से भुवनेश्वर राय उपस्थित रहे।
BISA के प्रतिनिधियों ने जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने के लिए अनुकूल कृषि पद्धतियों पर विस्तार से जानकारी दी। बैठक में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा घोषित किसान कल्याण वर्ष 2026 के संदर्भ में भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में शामिल किसानों ने इसे बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि इस पहल से उन्हें सीधे खरीदारों से जुड़ने का अवसर मिला है, जो उनकी आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा। यह आयोजन किसानों को सशक्त बनाने और जलवायु अनुकूल कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

