टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय तथा पुलिस अधीक्षकमनोहर सिंह मंडलोई ग्राम बकपुरा पहुंचकर आगजनी की घटना से प्रभावित किसानों की फसलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर आग से हुई क्षति का जायजा लिया तथा प्रभावित किसानों से चर्चा कर घटना की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने संबंधित राजस्व, कृषि एवं अन्य विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल क्षति का तत्काल सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि प्रभावित किसानों को शासन के नियमानुसार शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जा सके। श्री श्रोत्रिय ने बताया कि जिले की संपूर्ण राजस्व सीमा अंतर्गत खेतों में गेहूं एवं अन्य फसलों के डंठलों नरवाई,पराली में आग लगाई जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों को व्यक्ति,व्यक्तियों के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता अंतर्गत धारा व अन्य विधिक प्रावधानों के तहत दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी।
पुलिस अधीक्षक मंडलोई ने घटना के कारणों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सावधानियां एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
जिले में बढ़ती गर्मी और आगजनी की घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा किसानों एवं आमजन से नरवाई फसल अवशेष न जलाने की अपील की गई है। नरवाई जलाने से आग फैलने का खतरा बना रहता है, जिससे आसपास के खेत, फसल ,वन क्षेत्र एवं आबादी प्रभावित हो सकती है। इस अवसर पर एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटौरिया, तहसीलदार टीकमगढ़ सत्येन्द्र सिंह गुर्जर सहित संबंधित राजस्व अधिकारी तथा कृषक उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

