टीकमगढ़, 28 मार्च 2026। शासन के निर्देशानुसार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्थानीय उत्सव भवन में संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय तथा जिला पंचायत सीईओ नवीत कुमार धुर्वे द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने कहा कि सुशासन और स्वराज की अवधारणा को साकार करने के लिए शासन द्वारा विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ समय-सीमा में पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से 12 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक संकल्प से समाधान अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत ग्राम पंचायत, नगरीय निकाय, तहसील एवं जिला स्तर पर शिविर आयोजित कर हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ प्रदान करने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं का निराकरण भी किया गया।
अभियान के अंतर्गत अब तक जिले में ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, तहसीलों एवं विकासखंड स्तर पर आयोजित शिविरों में कुल 83,402 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका परीक्षण कर निराकरण किया गया। इनमें से 81,527 आवेदन स्वीकृत किए गए, जबकि 1,875 आवेदन अस्वीकृत किए गए। स्वीकृत हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
जिला स्तरीय शिविर में वन विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, आदिमजाति, एलडीएम, एनआरएलएम, कृषि, उद्यानिकी, श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल एवं प्रदर्शनी लगाई गई। इन प्रदर्शनों के माध्यम से विभागीय योजनाओं की जानकारी हितग्राहियों को प्रदान की गई। कार्यक्रम में पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर शिवप्रसाद मंडराह, अनुविभागीय अधिकारी संस्कृति मुदित लटौरिया, डिप्टी कलेक्टर एसके तोमर, सीएमएचओ ओपी अनुरागी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास उदल सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी एचएस चौहान, मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया, सहायक संचालक सामाजिक न्याय विभाग सौरभ तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, हितग्राही, सामान्यजन तथा बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

