टीकमगढ़। जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने एवं आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में 28 मार्च 2026 को नवमी के अवसर पर बगाज माता मंदिर में आयोजित मेले में ट्रैफिक थाना पुलिस टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। मेले में ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गई तथा उन्हें सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान उपस्थित नागरिकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।
अभियान के तहत एक सराहनीय पहल करते हुए मेले में आए लगभग 750 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रात्रि के समय दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए रिफ्लेक्टर लगाए गए। साथ ही वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व और आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से समझाइश दी गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले में सड़क सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

