टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में कृषि विज्ञान केंद्र में मध्यप्रदेश शासन द्वारा उर्वरक वितरण की नई व्यवस्था ई-विकास प्रणाली के क्रियान्वयन के संबंध में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उर्वरक वितरण की ई-विकास प्रणाली एक अप्रैल से पूर्ण रूप से लागू कर दी जाएगी तथा पुरानी व्यवस्था को समाप्त कर दिया जाएगा। उन्होंने समस्त उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया कि वे इस नई प्रणाली को भली-भांति समझें एवं इसके सफल क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएं, जिससे किसानों को समय पर एवं पारदर्शी ढंग से उर्वरक उपलब्ध कराया जा सके। प्रशिक्षण के दौरान ई-विकास प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण की नई व्यवस्था पर प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तार से चर्चा की गई तथा उपस्थितजनों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समाधान किया गया। प्रस्तुतिकरण सहायक संचालक कृषि श्री दिनेश कुमार जाटव द्वारा दिया गया। कार्यक्रम में उपसंचालक कृषि मनोज कश्यप, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक सुनील कुमार जाटव, जिले के थोक एवं रिटेल उर्वरक विक्रेता, प्रगतिशील कृषक, जिला विपणन अधिकारी, जिला सहकारी बैंक के प्रतिनिधि, सहकारिता विभाग के कर्मचारी, कृषि विभाग के विकासखंड स्तरीय वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कृषि विस्तार अधिकारी के. पी. अहिरवार द्वारा किया गया।

