टीकमगढ़ । पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि ऐसे व्यक्तियों और *संदिग्धों को चिन्हित किया जाए जिनके पास शस्त्र लाइसेंस है और जिनकी किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता* पाई गई हो। पुलिस द्वारा ऐसे लाइसेंस धारकों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड, वर्तमान गतिविधियों तथा अवैध कार्यों में संभावित संलिप्तता की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर संबंधित मामलों में जिला प्रशासन को प्रतिवेदन भेजकर शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इस विशेष अभियान के तहत अब तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में *कुल 133 शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराए* जा चुके हैं। साथ ही अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की जांच प्रक्रिया लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश* दिया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन से भी अपील की गई है कि वे कानून का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें, ताकि सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

