टीकमगढ़। सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के तहत ग्राम पंचायत कुंडेश्वर मंडल, बड़ागांव धसान मंडल एवं बुड़ेरा मंडल में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के लिए महा प्रशिक्षण अभियान आयोजित किया गया। कुंडेश्वर मंडल का प्रशिक्षण कार्यक्रम गणेश धर्मशाला में संपन्न हुआ।
मुख्य वक्ताओं ने किया मार्गदर्शन
प्रशिक्षण अभियान में संभाग प्रभारी पुष्पेंद्र नाथ पाठक ‘गुड्डन भैया’ एवं पूर्व विधायक राकेश गिरी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में कुंडेश्वर मंडल अध्यक्ष हरीश अहिरवार एवं ग्रामीण मंडल अध्यक्ष बृजेंद्र लोधी ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।
सरकारी योजनाओं की दी विस्तृत जानकारी
पूर्व विधायक राकेश गिरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सत्ता प्राप्ति नहीं, बल्कि समाज सेवा है। योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि किसानों को सीधे खाते में राशि, आयुष्मान योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधा, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, कोरोना काल में ऑक्सीजन सुविधा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। साथ ही जननी एक्सप्रेस योजना, स्कूलों में मध्याह्न भोजन, विद्यार्थियों को किताबें और साइकिल जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं।
विकास और वैचारिक सिद्धांतों पर जोर
राकेश गिरी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की विचारधारा ही भाजपा की मूल प्रेरणा है। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने और राम मंदिर निर्माण जैसे विषयों का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी अपने संकल्पों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बुड़ेरा मंडल में भी हुआ प्रशिक्षण शिविर
बुड़ेरा मंडल के बगाज माता परिसर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राकेश गिरी ने बताया कि नल-जल योजना के तहत सुजारा बांध की नहरों से गांव-गांव तक पानी पहुंचाया जा रहा है। वहीं लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को हर माह आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंदिता पाठक, जिला अध्यक्ष सरोज राजपूत, बड़ागांव धसान मंडल अध्यक्ष सुनील रैकवार, बुड़ेरा मंडल अध्यक्ष रामा रजक, सावरकर मंडल अध्यक्ष प्रभा श्रीवास्तव, आशुतोष भट्ट, पंकज प्रजापति, ऋषि तिवारी, सरपंच सुरेश तिवारी, रामस्वरूप यादव, जगजीवन प्रजापति, जनपद सदस्य रतन टाटा, राकेश लोधी, कैलाश राय, कपिल नामदेव, पुष्पेंद्र राजा, राकेश हटिया, राजेश साहू सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

