टीकमगढ़/ओरछा। धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ओरछा को विश्व धरोहर के रूप में विकसित करने की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों से ओरछा लिंक ग्रीन फील्ड लेन हाईवे को केंद्र सरकार से स्वीकृति मिल गई है।
यह प्रस्तावित हाईवे झांसी-खजुराहो राष्ट्रीय राजमार्ग को झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ेगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
इन गांवों से होकर गुजरेगा हाईवे
यह ग्रीन फील्ड हाईवे वनगायखास से शुरू होकर मजरा वनगाय, जमुनिया खास, रुदमकोरा, रामनगर, ढिमरपुरा, कुंअरपुरा, बबेडी, प्रतापपुरा, जमुनियाभाटा, गुजर्राखुर्द, मथुरापुरा एवं सैन्यर ग्रामों से होकर निकलेगा। हाईवे की कुल लंबाई लगभग 15 किलोमीटर होगी।
631 करोड़ की लागत, प्रशासनिक स्वीकृति जारी
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की अनुमानित लागत 631 करोड़ रुपये है। 31 मार्च 2026 को विभाग द्वारा इसकी प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी गई है, जिससे अब निर्माण कार्य का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
पत्राचार के बाद मिली मंजूरी
गौरतलब है कि भाजपा नेता विकास यादव की मांग पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 28 अक्टूबर 2025 को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर राष्ट्रीय राजमार्ग-26 को राष्ट्रीय राजमार्ग-76 से जोड़ने हेतु इस हाईवे को स्वीकृति देने का अनुरोध किया था।
इस पर कार्यवाही करते हुए नितिन गडकरी ने जानकारी दी कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा इस मार्ग को वार्षिक योजना 2025-26 में शामिल कर लिया गया है, जिसके बाद अब प्रशासनिक स्वीकृति भी जारी कर दी गई है।
क्षेत्र में विकास और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
ओरछा लिंक ग्रीन फील्ड लेन हाईवे बनने से न केवल स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी, बल्कि धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ओरछा में आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि होगी। इससे क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
भाजपा नेता ने जताया आभार
हाईवे की सौगात मिलने पर भाजपा नेता विकास यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी एवं ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति आभार जताया है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

