टीकमगढ़। 1 अप्रैल 2026 मध्यप्रदेश शिक्षक संघ, टीकमगढ़ द्वारा मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी एच.एस. चौहान को ज्ञापन सौंपकर शालाओं के संचालन समय में परिवर्तन की मांग की गई। संघ ने बढ़ते तापमान को देखते हुए स्कूलों का समय प्रातः 7:30 बजे से प्रथम पाली में संचालित करने का अनुरोध किया है।
जिलाध्यक्ष प्रमोद नापित ने बताया कि लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। कई शालाओं में बिजली की समस्या, पंखों के नहीं चलने और पेयजल की कमी जैसी परेशानियों के चलते बच्चों और शिक्षकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। ऐसी स्थिति में समय परिवर्तन आवश्यक है।
इसके पश्चात शिक्षक संघ द्वारा एक अन्य ज्ञापन पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ के नाम सौंपा गया। संभागीय सचिव बुद्ध सागर सिंह ने जानकारी दी कि लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश भोपाल के नाम से एक फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है।
जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र कुमार नरवरिया ने बताया कि इस फर्जी आदेश के कारण शिक्षकों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है और उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संघ के पदाधिकारियों ने एडिशनल पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि फर्जी आदेश प्रसारित करने वाले व्यक्ति की जांच कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए।

