टीकमगढ़। जिले में नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में राज्य स्तरीय “मुस्कान अभियान” का शुभारंभ किया गया है। 01 अप्रैल से शुरू हुआ यह अभियान पूरे प्रदेश में संचालित हो रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, लापता बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी करना और समाज में व्यापक जागरूकता फैलाना है।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए और हर स्तर पर सतर्कता बढ़ाई जाए। इसी के तहत एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई है, जिससे परिजन और बालिकाएँ दोनों जागरूक रह सकें।
बुंदेलखंड क्षेत्र के टीकमगढ़ जिले में सीमित रोजगार अवसरों के कारण कई परिवार महानगरों की ओर पलायन करते हैं। इस दौरान नाबालिग बालिकाएँ अक्सर गांव में रिश्तेदारों या पड़ोसियों के संरक्षण में रह जाती हैं। ऐसी स्थिति का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्व बालिकाओं को पढ़ाई, नौकरी और बेहतर जीवन के झूठे सपने दिखाकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाते हैं, जिससे वे कठिन परिस्थितियों में फंस जाती हैं।
“मुस्कान अभियान” के तहत नाबालिग बालिकाओं को अपराधों से सुरक्षित रखना, लापता बालिकाओं को खोजकर सुरक्षित वापस लाना, समाज में सतर्कता बढ़ाना और बालिकाओं के भविष्य को सुरक्षित एवं सम्मानजनक बनाना प्रमुख लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।
अभियान के अंतर्गत परिजनों को सलाह दी गई है कि वे बालिकाओं की दिनचर्या, मित्रों और गतिविधियों पर नजर रखें, नियमित संपर्क बनाए रखें और संदिग्ध व्यक्तियों से सतर्क रहें। वहीं बालिकाओं को भी अजनबियों के बहकावे में न आने, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करने और किसी भी खतरे की स्थिति में तुरंत पुलिस (112) या चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा अभियान के तहत अकेले रह रही नाबालिग बालिकाओं का चिन्हांकन, संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग, स्कूल-कॉलेजों के आसपास निगरानी, आत्मरक्षा प्रशिक्षण और साइबर जागरूकता कार्यक्रम जैसे कई कदम उठाए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने आमजन से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि हर बालिका की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

