टीकमगढ़। मध्यप्रदेश शासन के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देशानुसार प्रदेशभर में नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में जिले में नशा उन्मूलन हेतु व्यापक और प्रभावी अभियान संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत टीकमगढ़ पुलिस द्वारा जनजागरूकता को प्राथमिकता देते हुए अब तक 485 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्कूलों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगभग 80 हजार से अधिक आमजन, युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया तथा उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
🔹 अवैध कारोबार पर सख्ती, मुखबिर तंत्र सक्रिय
नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय मुखबिर तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही तकनीकी संसाधनों के उपयोग से नशा कारोबारियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने एवं परिवहन व विक्रय संबंधी सूचनाएं एकत्रित कर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
🔹 अवैध शराब के 343 प्रकरण, 346 आरोपी गिरफ्तार
वर्ष 2026 में अब तक टीकमगढ़ पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध 343 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 346 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 1819 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹6,01,744 बताई गई है।
🔹 अफीम की अवैध खेती पर कार्रवाई
मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अफीम से संबंधित 2 प्रकरणों में 2 आरोपियों के कब्जे से 446 किलोग्राम अफीम की अवैध खेती जब्त की गई है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत ₹47,93,000 आंकी गई है।
🔹 नशामुक्त टीकमगढ़ की ओर निरंतर प्रयास
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी है। जिले को नशामुक्त बनाने के लिए भविष्य में भी प्रभावी कार्रवाई और जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

