टीकमगढ़, 02 अप्रैल 2026। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने गुरुवार को बंडा नाला नहर का स्थल निरीक्षण कर वहां चल रहे कार्यों एवं नहर की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से कहा कि नहर से जुड़े कार्य सीधे तौर पर किसानों और आमजन के हित से जुड़े होते हैं, इसलिए इनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नहर की साफ-सफाई, जल प्रवाह व्यवस्था एवं संरचनात्मक स्थिति का भी अवलोकन किया और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि आगामी समय में सिंचाई व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
इस अवसर पर पूर्व विधायक केके श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार मलिक, नगर पालिका सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

